बोकारो (05/01/2017): बोकारो-रामगढ़ हाइवे पर मुठभेड़, पांच गिरफ्तार
बोकारो : बोकारो-रामगढ़ हाइवे पर जरीडीह थाना इलाके के टाड़ बालीडीह में गुरुवार की शाम चार बजे पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने खदेड़कर दो डकैतों को मौके से दबोच लिया। बाद में बाकी तीन को भी सर्च अभियान चलाकर जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।
डकैतों का एक साथी भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में है। उनके पास से गोलियों के साथ एक पिस्टल, तीन देसी तमंचा व चाकू बरामद किया गया। गिरफ्तार अपराधियों का नाम आलम अंसारी, अब्दुल्ला अंसारी, वशीर अंसारी, तबरेज उर्फ गुड्डू और अरुण बताया जा रहा है। सभी रांची के ओरमांझी व रामगढ़ पतरातू के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एसपी वाईएस रमेश को सूचना मिली कि बोकारो और धनबाद में दो बड़ी डकैती की साजिश को अंजाम देने के लिए कुछ अपराधी रांची व रामगढ़ से आ रहे हैं। एसपी ने क्विक रिसपांस टीम को वाहन जांच के लिए हाइवे पर जरीडीह थाना इलाके के टाड़ बालीडीह में बन रहे टोल प्लाजा के पास भेजा। टीम वाहनों की तलाशी ले रही थी। इधर इनोवा पर सवार अपराधी आ रहे थे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पीछा करने पर वाहन में सवार अपराधी पुलिस पर गोलियां दागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भारी पड़ता देख वाहन रोककर बदमाश भागे। तबरेज व अरुण को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया। चार भागकर बगल के हाई स्कूल के पास स्थित जंगल में छिप गए। पुलिस ने तीनों को काफी मशक्कत के बाद दबोच लिया। पकड़े गए अपराधी जिले में एक आधा दर्जन से अधिक लूट डकैती की वारदात में शामिल रहे हैं।
Courtesy: http://epaper.jagran.com/ePaperArticle/06-jan-2017-edition-Bokaro-page_3-9977-7070-181.html