चाईबासा (15/06/2016): चाईबासा जेल से भागा हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मंडल कारा से 9 दिसंबर 2014 को भागे हार्डकोर नक्सली शिवो चाकी उर्फ चोकरो चाकी को लगभग डेढ़ वर्ष बाद सदर थाना पुलिस ने विशाखापट्टनम के माटूल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे वहां से चाईबासा ले आई और मंगलवार को जेल भेज दिया।
चोकरो सोनुवा थाना क्षेत्र का निवासी है। 9 दिसंबर 2014 को चाईबासा मंडल कारा से 20 में से 15 हार्डकोर नक्सली बंदी भाग गए थे। उनमें चोकरो भी शामिल था। पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोय ने सदर थाने में मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि शिवो पर पहले से 16 मामले थे। चाईबासा मंडल कारा से भागने के बाद 17 मामले हैं। वह सोनुवा थाना के कांड संख्या 14/14 के तहत आर्म्स एक्ट में मंडल कारा में बंद था। वह शुरू से नक्सली दस्ते में था।
नक्सलियों के साथ मिलकर कई वारदात को अंजाम दे चुका था। जेल से भागने के बाद वह विशाखापट्टनम के माटूल में रह रहा था। चोकरो चाकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने सरकार के पास 2 लाख रुपये इनाम का प्रस्ताव भेजा है। चोकरो के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ है।
Courtesy: http://www.livehindustan.com/news/jharkhand/article1-naxli-arrest-in-andra-pradesh-539343.html



