बोकारो (04/07/2016): कई लूटकांड में संलिप्त 11 अपराधी गिरफ्तार
बोकारो : जिलेभर में आधा दर्जन लूट-डकैती की घटनाओं को अंजाम देनेवाले 11 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बोकारो के अलावा रामगढ़ एवं धनबाद में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी वाईएस रमेश ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार की शाम यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़े अपराधियों ने धनबाद के पंजाब नेशनल बैंक से एक करोड़ रुपया लूटने की साजिश रची थी। इसके लिए वेलोग रेकी भी कर चुके थे। धनबाद के एसएसपी को भी इसकी सूचना मिली थी। वहां की पुलिस भी इस गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी थी। अपराधियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक वेलोग गोमो के शराब व्यवसायी, बोकारो के गोमिया साड़म निवासी एक कपड़ा व्यवसायी और बालीडीह के एक सर्राफा व्यवसायी को लूटने की फिराक में थे। इस गिरोह में बोकारो के अलावा धनबाद एवं रामगढ़ के अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके ठिकाने से दो देशी तमंचा, 14 कारतूस, तीन बाइक एवं नौ मोबाइल जब्त किए।
ये हुए गिरफ्तार : पुलिस ने पिछरी पेटरवार निवासी अशोक साव, दिलीप मिश्र, अजय पाल उर्फ बैजू पाल, चंद्रपुरा बंदियो निवासी रवींद्र पांडेय, जरीडीह गायत्री नगर निवासी मिथिलेश पांडेय उर्फ किशोर पांडेय, भुटनाडीह पेटरवार निवासी रविचंद्र दास, दुग्दा बस्ती निवासी सतीश तुरी, ललपनिया निवासी राजेश कुमार साव, मदन कुमार साव, तुपकाडीह निवासी धनंजय मंडल और चास निवासी ओमनाथ सिंह को धर-दबोचा।
कई की तलाश जारी : एसपी ने बताया कि पुलिस को इस गिरोह के मास्टरमाइंड दुग्दा बस्ती (बोकारो) निवासी प्रेम सिंह, धनबाद के निरसा निवासी अमित सिंह, प्रीतम सिंह, गोमो धनबाद निवासी मुस्लिम बाबा, अभिनंदन पांडेय एवं कुजू रामगढ़ निवासी सुभानी अंसारी की तलाश है।
इन घटनाओं में संलिप्तता : एसपी ने बताया कि इस वर्ष 29 अप्रैल को चास की एक फाइनेंस कंपनी के संदीप कुमार राणा समेत अन्य कर्मियों से लुटेरों ने जरीडीह के भुटकुरू में एक लाख 73 हजार 545 रुपये में लूट लिए थे। तब अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पेटरवार के करनडीह निवासी काशीनाथ की शिकायत पर पुलिस ने बीते 28 मई को हुई बाइक लूट की घटना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बालीडीह के कटका निवासी रामदयाल सिंह की बाइक बीते 9 जून को अपराधियों ने लूट ली थी।
बेरमो गांधीनगर इलाके में चास के श्रीराम फाइनेंस के कर्मी प्रभात कॉलोनी निवासी लक्ष्मीकांत पांडेय से अपराधियों ने 2 लाख 5 हजार रुपये लूट लिए थे। दुग्दा हीरक रोड स्थित पेट्रोल पंप में इसी गिरोह ने डाका डाला था। इसके अलावा महुआटांड़ के एक मामले में भी पुलिस को इनकी तलाश थी। गिरफ्तार अपराधियों ने इन सभी मामलों में खुद या अपने साथियों की संलिप्तता स्वीकार की है। एसपी के आदेश पर गठित छापेमारी टीम में बेरमो एसडीपीओ नीरज कुमार, बेरमो थानेदार इंस्पेक्टर नोवेल कुजूर, पेटरवार थानेदार पंकज कुमार, जरीडीह थानेदार आनंद कुमार झा, चंद्रपुरा थानेदार द्वारिका राम, गांधीनगर के दारोगा विपिन कुमार, ललपनिया थानेदार त्रिलोचन तामसोय के अलावा एसपी कार्यालय की क्यूआरटी टीम सदस्य शामिल थे।
Courtesy: http://epaper.jagran.com/ePaperArticle/06-jul-2016-edition-Bokaro-page_5-5612-1803-181.html



